
Dr. Manmohan Singh Passed Away : 10 साल तक प्रधानमंत्री के रूप में कार्य करने के दौरान डॉ. मनमोहन सिंह ने कई बड़े फैसले लिए, जिसके लिए उन्हें हमेशा याद किया जाएगा.
Manmohan Singh Death : देश के पहले सिख प्रधानमंत्री रहे डॉ. मनमोहन सिंह अब हमारे बीच नहीं रहे, गुरुवार रात दिल्ली स्थित एम्स अस्पताल में उन्होंने आखिरी सांस ली. 2004 से 2014 तक प्रधानमंत्री के तौर पर कार्य करने वाले पूर्व पीएम मनमोहन के निधन पर पूरे देश में शोक की लहर फैल गई है. सांस संबंधी दिक्कतों के बाद गुरुवार रात करीब 8 बजे उन्हें एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां से उन्हें आईसीयू में शिफ्ट कर दिया गया. डॉक्टर की एक टीम उनकी निगरानी कर रही थी, लेकिन कुछ देर बाद ही पूर्व पीएम के निधन की खबर ने सभी को सदमे में डाल दिया. मनमोहन सिंह को देश का पहला सिख प्रधानमंत्री कहा जाता था, उन्होंने 1991 में पीवी नरसिम्हा राव के नेतृत्व वाली सरकार में वित्त मंत्री के रूप में शपथ लेने के साथ अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की थी.
Advertising
पाकिस्तान में हुआ था जन्म
डॉ. मनमोहन सिंह भारत के पूर्व प्रधानमंत्री और एक प्रतिष्ठित अर्थशास्त्री जिन्होंने राजनीतिक और प्रशासनिक करियर में उल्लेखनीय योगदान दिया. डॉ. मनमोहन सिंह का जन्म 26 सितंबर 1932 को पाकिस्तान के गह गांव में हुआ था. उन्होंने पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ से अर्थशास्त्र में स्नातक और मास्टर डिग्री प्राप्त की. इसके बाद उन्होंने कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय और ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय से पीएचडी की. अपनी उच्च शिक्षा के बाद, वे संयुक्त राष्ट्र के साथ एक अर्थशास्त्री के रूप में जुड़े और फिर भारत लौटकर शिक्षा और प्रशासनिक सेवाओं में कार्य किया.
रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया में किया काम
डॉ. मनमोहन सिंह ने भारतीय प्रशासनिक सेवा में शामिल होकर योजना आयोग, वित्त मंत्रालय और रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में काम किया. 1991 में, जब भारत गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रहा था, तब उन्हें वित्त मंत्री के रूप में नियुक्त किया गया. उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान कई ऐसे फैसले लिए जिससे भारतीय अर्थव्यवस्था को एक नई दिशा मिली. उन्हें देश का सबसे बड़ा अर्थशास्त्री भी कहा जाता था.
Also Read
Manmohan Singh Death : पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का हुआ निधन, 92 वर्ष की उम्र में ली आखिरी सांस; शोक में डूबा देश
Delhi चुनाव में केजरीवाल को कैसे घेरेगी कांग्रेस? पार्टी की जीत की क्या है तैयारी, संदीप दीक्षित ने बताया पूरा प्लान | Exclusive
INDIA ब्लॉक में दरार! गठबंधन से कांग्रेस को ही बाहर का रास्ता दिखाने की तैयारी में AAP- जानें क्यों नाराज हैं केजरीवाल
More Hindi-news News
इन फैसलों के लिए किया जाएगा याद
10 साल तक प्रधानमंत्री के रूप में कार्य करने के दौरान डॉ. मनमोहन सिंह ने कई बड़े फैसले लिए, जिसके लिए उन्हें हमेशा याद किया जाएगा. उन्होंने कई आर्थिक सुधारों को आगे बढ़ाया और भारत को वैश्विक निवेश के लिए एक आकर्षक गंतव्य बनाया. इसके अलावा उन्होंने अमेरिका के साथ नागरिक परमाणु सहयोग समझौता किया, जिससे भारत को अपनी ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद मिली. उनके कार्यकाल में भारतीय मध्यम वर्ग का विस्तार हुआ और सूचना प्रौद्योगिकी उद्योग को बढ़ावा मिला.