चाम्पा में माँ समलेश्वरी के दरबार में की पूजा-अर्चना
चाम्पा : नगरी निकाय चुनाव 2025 की सरगर्मी बढ़ते ही कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी राजेश अग्रवाल ने चुनावी अभियान की शुरुआत चाम्पा की कुलदेवी माता समलेश्वरी के दरबार में पूजा-अर्चना से की। अपने इस शुभारंभ के साथ उन्होंने “विकास का वादा, पहले से ज्यादा” के नारे के साथ जनता से जुड़ने का प्रयास किया।
राजेश अग्रवाल ने इस दौरान यह संकेत दिया कि उनका चुनावी अभियान न सिर्फ चाम्पा नगर पालिका की समस्याओं का समाधान करने, बल्कि शहर के विकास को एक नए मुकाम तक पहुँचाने के लिए है। उनका यह दावा है कि वे पिछले कार्यकाल में नगर पालिका अध्यक्ष के रूप में बेहतर काम कर चुके हैं, जो जनता के बीच उन्हें “नगर विकास पुरुष” के रूप में प्रतिष्ठित करता है।
इससे पहले, वे नगर पालिका अध्यक्ष रह चुके हैं और उनका कार्यकाल बेहद सहरानीय रहा था। उनके कार्यकाल में चाम्पा में कई सुधार कार्य हुए थे, जिन्हें जनता ने सराहा था। इस बार, राजेश अग्रवाल ने विकास के नए आयामों को लेकर संकल्प लिया है। उनका उद्देश्य है कि पहले से ज्यादा बेहतर कार्य करके चाम्पा को एक आदर्श नगर बनाना।
यह चुनावी अभियान कई मायनों में अहम है, क्योंकि चाम्पा में पिछले कांग्रेस सरकार की नीतियों के प्रति जनता का असंतोष बढ़ा है। नगर पालिका के कार्यों में खामियां और जनता की समस्याओं की अनदेखी ने यहां के लोगों को विकल्प की तलाश में डाल दिया है। ऐसे में कांग्रेस पार्टी के लिए यह चुनाव एक बड़ी चुनौती बनने जा रहा है।
क्या चाम्पा नगर पालिका में लोग तीसरे इंजन के रूप में कांग्रेस को चुनेगे, या भाजपा की डबल इंजन सरकार को और अधिक समय देंगे, यह सवाल अब स्थानीय राजनीति में चर्चा का विषय बन चुका है। इस बार के चुनावी मैदान में कई नए चेहरे भी उभर कर सामने आ रहे हैं, जो स्थानीय जनता की उम्मीदों को समझने और उन्हें सही दिशा में लाने का वादा कर रहे हैं।
चाम्पा नगर पालिका के आगामी चुनाव में राजेश अग्रवाल के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या उनकी विकास की योजना और उनका नेतृत्व चाम्पा के नागरिकों को आकर्षित कर पाता है या नहीं।
इन चुनावों में सबसे महत्वपूर्ण सवाल यह है कि क्या चाम्पा के लोग विकास के नाम पर अपनी प्राथमिकताएँ बदलने के लिए तैयार होंगे और क्या कांग्रेस पार्टी इस बार भाजपा के मुकाबले जनता का विश्वास जीत पाएगी।