जांजगीर-चांपा: जिले में शुक्रवार दोपहर पिकनिक मनाने पहुंचे कॉलेज छात्रों के साथ दर्दनाक हादसा हो गया। सेल्फी लेने के दौरान एक छात्र का अचानक पैर फिसल गया और वह नदी के तेज बहाव में जा गिरा। उसे बचाने के लिए नदी में कूदे दो अन्य छात्र भी तेज धार की चपेट में आ गए। देखते ही देखते तीनों छात्र नदी में बह गए और लापता हो गए।
घटना जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा थाना क्षेत्र के ग्राम देवरी में हुई। शुक्रवार दोपहर बिलासपुर जिले के चौकसे कॉलेज के 8 छात्र-छात्राएं पिकनिक मनाने के लिए देवरी पहुंचे थे। इनमें चार छात्र और चार छात्राएं शामिल थीं। इसी दौरान हसदेव नदी के किनारे सेल्फी लेने के दौरान यह दर्दनाक हादसा हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और नगर सैनिक गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और तीनों लापता छात्रों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। फिलहाल काफी प्रयासों के बावजूद छात्रों का कोई सुराग नहीं मिल सका है।
आठ छात्र-छात्राएं पहुंचे थे पिकनिक मनाने
पुलिस के अनुसार बिलासपुर जिले के चौकसे कॉलेज के 8 छात्र-छात्राएं शुक्रवार दोपहर करीब 2 से 2:30 बजे पिकनिक मनाने पहुंचे थे। इनमें 4 छात्र और 4 छात्राएं शामिल थे।
पिकनिक के दौरान कुछ छात्र नदी के किनारे सेल्फी लेने के लिए पहुंचे। इसी दौरान मुरारी साहू, पवन लाल और सचिन सिंह के साथ यह हादसा हुआ।
एक छात्र का पैर फिसला, बचाने कूदे दो साथी
बताया जा रहा है कि नदी किनारे सेल्फी लेने के दौरान एक छात्र का पैर अचानक फिसल गया और वह तेज बहाव में जा गिरा। साथी छात्र को डूबता देखकर दो अन्य छात्रों ने उसे बचाने के लिए नदी में छलांग लगा दी।
लेकिन नदी की तेज धार के आगे तीनों खुद को संभाल नहीं सके और बह गए। घटना के बाद मौके पर मौजूद अन्य छात्र-छात्राओं में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस और गोताखोरों की टीम जुटी तलाश में
घटना की जानकारी मिलते ही बलौदा थाना प्रभारी मनोहर सिन्हा पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। नगर सैनिक गोताखोरों की टीम को भी तत्काल बुलाया गया।
गोताखोर नदी में लापता तीनों छात्रों की तलाश कर रहे हैं। नदी में तेज बहाव होने के कारण रेस्क्यू अभियान बेहद सावधानी से चलाया जा रहा है।
सीएसपी योगिता बाली खापर्डे के अनुसार पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है और मौके पर मौजूद अन्य छात्र-छात्राओं से भी पूछताछ की जा रही है।
फिलहाल तीनों छात्रों का कोई सुराग नहीं मिला है। रेस्क्यू टीम लगातार तलाश में जुटी हुई है।
