अमन छत्तीसगढ़ न्यूज
चांपा। रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। चांपा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 2-3 पर बीती रात अज्ञात चोरों ने एक के बाद एक तीन स्टॉलों को निशाना बनाते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर स्टॉलों के ताले और अन्य सुरक्षा इंतजाम तोड़कर रुपये और सामान लेकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, चोरी की यह घटनाएं देर रात करीब 12 बजे के आसपास हुईं। चांपा स्टेशन स्थित जीआरपी चौकी और आरपीएफ पोस्ट के सामने एक स्टॉल सहित प्लेटफॉर्म के अलग-अलग हिस्सों में स्थित तीन दुकानों में चोरी की गई। बताया जा रहा है कि चोरों ने बड़ी आसानी से वारदात को अंजाम दिया और किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी।
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई वारदात
घटना की जानकारी मिलने के बाद रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी की टीम जांच में जुट गई है। बताया जा रहा है कि स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में संदिग्ध युवक की गतिविधियां रिकॉर्ड हुई हैं। फुटेज के आधार पर युवक से पूछताछ किए जाने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि संदिग्ध युवक नशे का आदी और पूर्व में भी चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है। हालांकि, मामले में पुलिस की आधिकारिक पुष्टि और जांच के नतीजों का इंतजार है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठ रहे सवाल
इस घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल रेलवे स्टेशन की रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर खड़ा हो रहा है। जिस परिसर में यात्रियों की सुरक्षा के लिए जीआरपी और आरपीएफ की तैनाती रहती है, उसी परिसर में एक ही रात में तीन दुकानों में चोरी हो जाना कई सवाल खड़े करता है।
स्टॉल संचालकों का कहना है कि रात के समय स्टेशन परिसर में निगरानी और गश्त को लेकर व्यवस्था और मजबूत होनी चाहिए। वहीं, यह भी सवाल उठ रहा है कि रात्रि गश्त के दौरान सुरक्षा कर्मियों की मौजूदगी के बावजूद चोरों को वारदात करने का मौका कैसे मिल गया?
रेलवे प्रशासन से जवाबदेही की मांग
लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से रेलवे स्टेशन के दुकानदारों और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ना स्वाभाविक है। अब देखना होगा कि रेलवे प्रशासन, जीआरपी और आरपीएफ इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हैं और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए क्या ठोस कदम उठाते हैं।
फिलहाल चोरी की घटना की जांच जारी है। स्थानीय लोगों और स्टॉल संचालकों को उम्मीद है कि चोरी गए सामान की बरामदगी के साथ सुरक्षा व्यवस्था में भी आवश्यक सुधार किया जाएगा।
Aman Chhattisgarh News – आपकी आवाज़
