अमन छत्तीसगढ़ न्यूज़
चाम्पा। सिख धर्म के प्रथम गुरु एवं मानवता, प्रेम, समानता तथा सेवा का संदेश देने वाले श्री गुरु नानक देव जी के पावन प्रकाश पर्व को लेकर चाम्पा नगर में गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा की ओर से विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। प्रकाश पर्व को लेकर सिख संगत में विशेष उत्साह एवं श्रद्धा का वातावरण है। आयोजन के अंतर्गत प्रभात फेरी, विशेष धार्मिक कार्यक्रम, भव्य नगर कीर्तन एवं कीर्तन दरबार सहित अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
17 से 23 नवंबर तक निकलेगी प्रभात फेरी
धार्मिक कार्यक्रमों की शुरुआत 17 नवंबर 2026 से प्रभात फेरियों के साथ हो चुकी है। प्रतिदिन सुबह संगत द्वारा नगर के विभिन्न मार्गों में प्रभात फेरी निकालकर गुरबाणी कीर्तन एवं गुरु महिमा का गुणगान किया जा रहा है। इन प्रभात फेरियों का समापन 23 नवंबर 2026 को होगा।
24 नवंबर को फूलों की वर्षा एवं चोला परिवर्तन, शाम 3 बजे निकलेगा नगर कीर्तन
श्री गुरु नानक देव जी के पावन प्रकाश पर्व के अवसर पर 24 नवंबर 2026 को गुरुद्वारा साहिब में विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शुभ प्रातः गुरुद्वारा साहिब में फूलों की वर्षा की जाएगी। तत्पश्चात श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का चोला परिवर्तन किया जाएगा।
इसी दिन शाम 3 बजे से भव्य नगर कीर्तन निकाला जाएगा। नगर कीर्तन में विशेष रूप से आकर्षक कलाबाजी, गतका प्रदर्शन एवं गुरबाणी कीर्तन प्रमुख आकर्षण रहेंगे। नगर कीर्तन नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए गुरु महिमा का संदेश प्रसारित करेगा तथा पुनः गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर संपन्न होगा। इसके पश्चात गुरु का अटूट लंगर वितरित किया जाएगा।
25 नवंबर को सजेगा विशेष कीर्तन दरबार, बाहर से आएंगे रागी जत्थे
धार्मिक आयोजनों की श्रृंखला में 25 नवंबर 2026 को गुरुद्वारा साहिब में विशेष कीर्तन दरबार सजाया जाएगा। इस अवसर पर बाहर से विशेष रागी जत्थे पहुंचेंगे, जो अपनी मधुर गुरबाणी एवं शबद कीर्तन से संगतों को निहाल करेंगे। पूरा गुरुद्वारा परिसर गुरु की वाणी और भक्ति के रंग में सराबोर रहेगा।
कीर्तन दरबार के पश्चात गुरु का अटूट लंगर वितरित किया जाएगा। इस आयोजन में सिख समाज के साथ-साथ नगर के सभी समाजों एवं नगरवासियों को शामिल होने का आमंत्रण दिया गया है, ताकि सभी मिलकर गुरु घर की खुशियां प्राप्त कर सकें।
समस्त नगरवासियों से शामिल होने की अपील
गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा, चाम्पा की ओर से समस्त सिख संगत, समाज के पदाधिकारियों, नगर के गणमान्य नागरिकों एवं धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे इन सभी धार्मिक आयोजनों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। गुरु नानक देव जी के बताए सेवा, सिमरन, मानवता, प्रेम और समानता के मार्ग पर चलने का संकल्प लें तथा आपसी भाईचारे और सद्भावना का संदेश जन-जन तक पहुंचाएं।
गुरु नानक देव जी का संदेश आज भी संपूर्ण मानव समाज को एकता, सेवा और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह।
