अमन छत्तीसगढ़ न्यूज़
नहाय-खाय से चार दिवसीय महापर्व की शुरुआत, भोजपुरी समाज के संस्थापक जिलाध्यक्ष सत्येंद्र सिंह ने पत्रकार वार्ता में दी जानकारी
चाम्पा।लोक आस्था एवं सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ शुक्रवार 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ प्रारंभ हो गया। इस वर्ष छठ महापर्व 15 एवं 16 नवंबर को ग्राम लछनपुर स्थित हसदेव नदी के तट पर छठ घाट में भोजपुरी समाज की जिला इकाई जांजगीर-चाम्पा के तत्वावधान में परंपरानुसार धूमधाम से मनाया जाएगा। पर्व को लेकर छठ घाट की साफ-सफाई एवं सजावट का कार्य जोर-शोर से किया जा रहा है।
यह जानकारी शुक्रवार को छठ घाट लछनपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान भोजपुरी समाज के संस्थापक जिलाध्यक्ष सत्येंद्र सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2009 में उनके नेतृत्व में भोजपुरी समाज की जिला इकाई का गठन होने के बाद चाम्पा सहित अनेक स्थानों पर पूर्वांचल के लोगों द्वारा छठ महापर्व मनाने की शुरुआत हुई। तब से लगातार 17 वर्षों तक आयोजित यह पर्व अब विशाल स्वरूप धारण कर समाज के प्रत्येक वर्ग की आस्था एवं सहभागिता का प्रतीक बन गया है। इस वर्ष महापर्व 18वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है।
चार दिनों तक चलेगी सूर्य उपासना
सत्येंद्र सिंह ने बताया कि चार दिवसीय महापर्व की शुरुआत शुक्रवार 13 नवंबर को नहाय-खाय से हुई। इस दिन छठव्रती नदी में स्नान कर घर पहुंचते हैं और पूरी शुद्धता एवं पवित्रता के साथ प्रसाद तैयार कर ग्रहण करते हैं।
शनिवार 14 नवंबर को खरना के अंतर्गत गुड़ से बनी खीर एवं रोटी का प्रसाद तैयार कर ग्रहण किया जाएगा तथा प्रसाद का वितरण भी किया जाएगा।
रविवार 15 नवंबर को छठव्रती दिनभर निर्जला उपवास रखकर सायंकाल अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित करेंगे। इस दौरान छठ घाट में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। छठ घाट से लौटकर छठी मैया के गीत गाए जाएंगे तथा मनोकामना रखने वाले श्रद्धालुओं द्वारा कोसी भरने की परंपरा निभाई जाएगी। इसी दिन सायंकाल गंगा मैया की महाआरती का आयोजन भी किया जाएगा।
सोमवार 16 नवंबर को प्रातःकाल उदित होते सूर्य को अंतिम अर्घ्य अर्पित करने के साथ महापर्व का समापन होगा। इसके पश्चात पूज्य कापालिक बाबा जी के करकमलों से छठव्रतियों को प्रसाद वितरण किया जाएगा। सभी व्रती छठी मैया के गीत गाते हुए घर पहुंचकर प्रसाद ग्रहण करेंगे और अपना व्रत पूर्ण करेंगे।
समाज के लोगों का मिल रहा विशेष सहयोग
छठ महापर्व को इस वर्ष भव्य एवं शानदार रूप में मनाने की तैयारियां की जा रही हैं। सत्येंद्र सिंह ने बताया कि आयोजन में समाज के बी.के. दास, संतोष सिंह, राजकुमार सरोज एवं सिद्धांत सिंह का विशेष सहयोग प्राप्त हो रहा है।
पत्रकार वार्ता के दौरान समाज के जिलाध्यक्ष सुशील सिंह, संतोष सिंह, रंजय सिंह, विनोद सिंह, निशांत सिंह, एस.पी. सिंह, डी.एन. सिंह, शिवशंकर झा, हरेंद्र सिंह, राजीव प्रताप सिंह, कैलाश पाण्डेय, बी.पी. सिंह सहित समाज के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
अंत में सत्येंद्र सिंह ने पूर्वांचल समाज के सभी लोगों से सामूहिक रूप से छठ घाट लछनपुर में एकत्रित होकर सूर्य उपासना एवं लोक आस्था के इस महापर्व को श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लास के साथ मनाने की अपील की।
