थाने में कई घंटे तक रही गहमा गहमी की स्थिति
अमन छत्तीसगढ़ न्यूज़
चांपा :- थाना चांपा परिसर में उस समय तनावपूर्ण माहौल बन गया, जब एक भाजपा कार्यकर्ता की मोटरसाइकिल का चालान किए जाने पर बड़ी संख्या में भारतीय जनता पार्टी से जुड़े नेता और कार्यकर्ता थाना पहुंच गए। चालान की कार्रवाई को लेकर न सिर्फ विरोध किया गया, बल्कि पुलिस पर दबाव बनाते हुए कथित रूप से चेतावनी भरे शब्द भी कहे गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस द्वारा मोटर व्हीकल एक्ट के तहत नियमित जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर एक युवक की मोटरसाइकिल का चालान किया गया। चालान कटते ही संबंधित युवक के भाजपा कार्यकर्ता होने की बात सामने आई, जिसके बाद भाजपा नेता व कार्यकर्ता एकजुट होकर थाना पहुंच गए और कार्रवाई पर आपत्ति जताने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार थाना परिसर में कुछ समय तक हालात बेहद तनावपूर्ण बने रहे। पुलिस अधिकारियों ने संयम बरतते हुए सभी को समझाइश दी और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस का स्पष्ट कहना है कि कानून सभी के लिए समान है और नियमों का उल्लंघन करने पर किसी को भी विशेष छूट नहीं दी जा सकती। घटना के बाद शहर में इस मामले को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। नगरवासियों के बीच भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं की इस तरह के व्यवहार से नाराजगी देखी जा रही है। फिलहाल, पुलिस अपने रुख पर कायम कायम है और कानून के अनुसार कार्रवाई की बात कह रही है। इधर अब इस मामले को लेकर नगर में तरह-तरह की चर्चा चल रही है। कांग्रेस को बैठे बिठाए चर्चा का एक मुद्दा मिल गया है। भाजपा और कांग्रेस के नेता इस मुद्दे पर अपने-अपने तर्क रख रहे है।

हुई थी गलतफहमी
भाजपा कार्यकर्ता कुछ गलतफहमी की वजह से थाना आए हुए थे। बाद में सब क्लीयर हो गया। कानून सबके लिए बराबर है। बिना नंबर प्लेट गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
-सत्यम चौहान, थाना प्रभारी चापा


