अमन छत्तीसगढ़ न्यूज़
कोरबा। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत उत्पादन कंपनी के कोरबा स्थित VIP रेस्ट हाउस में अफसरों की कथित शराब पार्टी का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी थर्मल पावर स्टेशन के चीफ केमिस्ट गोवर्धन सिदार सहित पांच अधिकारी सरकारी गेस्ट हाउस के कमरे में जाम छलकाते हुए पकड़े गए, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
घटना उस समय सामने आई जब बिल्हा विधायक धर्मलाल कौशिक से मिलने उद्योग एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन अचानक VIP गेस्ट हाउस पहुंच गए। उनके साथ महापौर संजू देवी राजपूत और जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी भी मौजूद थे। इसी दौरान स्थानीय कार्यकर्ताओं ने मंत्री को सूचना दी कि एक कमरे में अधिकारी शराब पार्टी कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही मंत्री देवांगन सीधे कमरे तक पहुंचे, जहां अंदर का नजारा देख सभी हैरान रह गए। कमरे में सिगरेट का धुआं फैला हुआ था और अधिकारी कथित रूप से नशे की हालत में मौजूद थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मंत्री ने तुरंत छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत उत्पादन कंपनी के एमडी एस.के. कटियार को फोन कर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
फिलहाल कंपनी प्रबंधन ने पूरे मामले की जांच कराने की बात कही है। अब नजर इस बात पर है कि दोषी अधिकारियों पर क्या कार्रवाई होती है।



