पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे कई वीडियो, लोगों ने उठाए कार्रवाई पर सवाल
जेल से छूटते ही सड़क पर हुड़दंग!
https://www.instagram.com/reel/DYFsxiFigV5/?igsh=MWJycGozb2U4czU2NA==
सोशल मीडिया पर इन दिनों एक बार फिर ऐसा वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ युवक जेल से बाहर निकलते ही सड़क पर केक काटते, गाड़ियों का काफिला निकालते और खुलेआम स्टंटबाजी करते नजर आ रहे हैं। वायरल वीडियो को इंस्टाग्राम आईडी “Mukesh Surya” से जोड़कर देखा जा रहा है। वीडियो में फिल्मी और गैंगस्टर थीम वाले गानों पर रील बनाकर खुद को “डॉन” की तरह पेश करने की कोशिश दिखाई दे रही है।

चौंकाने वाली बात यह है कि यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी कई ऐसे वीडियो सामने आ चुके हैं, जिनमें कुछ युवक जेल से निकलने के बाद कानून का मजाक उड़ाते हुए सड़क पर शक्ति प्रदर्शन करते दिखाई दिए। कहीं बीच सड़क पर केक काटा गया, तो कहीं तेज रफ्तार गाड़ियों से स्टंट कर सोशल मीडिया पर वायरल होने की कोशिश की गई।
सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर ऐसे लोगों पर कार्रवाई कब होगी?
क्या जेल से बाहर आने के बाद कानून का पालन करना जरूरी नहीं?
क्या सोशल मीडिया पर लाइक्स और फॉलोअर्स के लिए सड़क सुरक्षा और कानून को ताक पर रखा जा सकता है?
विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह के वीडियो समाज में गलत संदेश देते हैं। युवा वर्ग अपराध और दबंगई को “स्टाइल” समझने लगता है। फिल्मी गानों और गैंगस्टर कल्चर के जरिए अपराधी छवि को ग्लैमराइज करना आने वाली पीढ़ी के लिए खतरनाक संकेत माना जा रहा है।
यदि सार्वजनिक सड़कों पर स्टंट, हुड़दंग, ट्रैफिक बाधित करना या बिना अनुमति जुलूस निकालना पाया जाता है, तो पुलिस मोटर व्हीकल एक्ट, शांति भंग और अन्य धाराओं के तहत कार्रवाई कर सकती है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो भी जांच का आधार बन सकते हैं।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे मामलों में सख्त कदम उठाए जाएं, ताकि सड़क को “रील शूटिंग स्पॉट” और कानून को मजाक समझने वालों पर लगाम लग सके।


