अमन छत्तीसगढ़ न्यूज
जांजगीर-चाम्पा। चाम्पा में जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से बिजली दरों में बढ़ोतरी और स्मार्ट मीटर लगाए जाने के विरोध में प्रेस कांफ्रेंस आयोजित की गई। प्रेसवार्ता में विधायक ब्यास कश्यप, कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश अग्रवाल सहित कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रेस कांफ्रेंस के दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश सरकार से बढ़ी हुई बिजली दरों को वापस लेने, 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना दोबारा लागू करने और स्मार्ट मीटर लगाए जाने पर रोक लगाने की मांग की।
चरणबद्ध आंदोलन की बनाई रणनीति
कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने बताया कि बिजली दरों में वृद्धि और स्मार्ट मीटर के मुद्दे को लेकर कांग्रेस अब चरणबद्ध आंदोलन करेगी। इसके तहत कांग्रेस कार्यकर्ता सबसे पहले घर-घर पहुंचकर स्मार्ट मीटर के विरोध में लोगों से आवेदन भरवाएंगे।
इसके साथ ही बिजली दरों में की गई बढ़ोतरी को वापस लेने की मांग को लेकर आम जनता के बीच हस्ताक्षर अभियान भी चलाया जाएगा। कांग्रेस का कहना है कि अभियान के माध्यम से लोगों की समस्याओं और विरोध को सरकार तक पहुंचाया जाएगा।
बिजली ऑफिस में जमा होंगे आवेदन
कांग्रेस नेताओं के मुताबिक घर-घर से एकत्र किए गए आवेदन और हस्ताक्षरयुक्त पत्रों को एकत्रित कर बिजली विभाग के कार्यालय में जमा किया जाएगा। इसके बाद कांग्रेस द्वारा धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि इसके बावजूद सरकार की ओर से बिजली दरों में बढ़ोतरी वापस लेने और स्मार्ट मीटर के मुद्दे पर कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और अधिक व्यापक एवं तेज किया जाएगा।
प्रेसवार्ता में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बिजली आम जनता की मूलभूत जरूरत है और बढ़ी हुई दरों का सीधा असर आम उपभोक्ताओं की जेब पर पड़ रहा है। कांग्रेस ने सरकार से जनहित में तत्काल निर्णय लेने की मांग की है।


