शहीद स्मारक में श्रद्धांजलि अर्पित कर हुआ यात्रा का समापन





चांपा। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी मंडल चांपा द्वारा 13 अगस्त को भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत इस यात्रा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं, युवाओं एवं नागरिकों ने हाथों में तिरंगा लेकर उत्साहपूर्वक सहभागिता की। पूरे मार्ग में भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से वातावरण गूंजता रहा।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ सुबह 10:30 बजे महाराजा सीताराम गुहा जी के निवास, बरपाली चौक चांपा से हुआ। यात्रा का नेतृत्व भारतीय जनता पार्टी मंडल चांपा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने किया।
तिरंगा यात्रा बरपाली चौक से प्रारंभ होकर शहीद भगत सिंह चौक (लायंस चौक), शहीद राजकिरण दुग्गड़ उद्यान, शहीद चंद्रशेखर आजाद चौक (बैरियल), सुभाष चौक, राधा कृष्ण मंदिर चौक, कदम चौक, हनुमान चौक एवं रानी रोड होते हुए शहीद स्मारक पहुंची।
यात्रा के दौरान देशभक्ति गीतों, हाथों में लहराते तिरंगों और भारत माता के जयघोष ने पूरे शहर में राष्ट्रभक्ति का माहौल बना दिया। विभिन्न स्थानों पर नागरिकों ने तिरंगा यात्रा का स्वागत किया। युवाओं और भाजपा कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
यात्रा के अंतिम पड़ाव शहीद स्मारक पहुंचने पर देश के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने शहीदों के बलिदान को नमन करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए सदैव समर्पित रहने का संकल्प लिया। श्रद्धांजलि कार्यक्रम के साथ तिरंगा यात्रा का सफलतापूर्वक समापन हुआ।
कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए भारतीय जनता पार्टी मंडल चांपा के अध्यक्ष संतोष कुमार थवाईत, महामंत्री गोपीचंद बरें एवं रामवल्लभ सोनी सहित मंडल के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सहभागियों का आभार व्यक्त किया। आयोजन ने चांपा में स्वतंत्रता दिवस से पूर्व देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावना को और अधिक मजबूत किया।


