अमन छत्तीसगढ़ न्यूज
रायपुर ।स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ में शराब की बिक्री पूरी तरह बंद रहेगी। आबकारी विभाग ने 15 अगस्त को शुष्क दिवस (Dry Day) घोषित करते हुए प्रदेश की सभी देसी और विदेशी शराब दुकानों, कम्पोजिट मदिरा दुकानों और मद्य भंडारण केंद्रों को बंद रखने के निर्देश जारी किए हैं।
आदेश के मुताबिक स्वतंत्रता दिवस के दिन राज्य में संचालित सभी शराब दुकानें पूरी तरह बंद रहेंगी। इसके साथ ही एफएल-3 (ग) पर्यटन बार को भी शुष्क दिवस के दौरान बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान किसी भी प्रकार से शराब की बिक्री, भंडारण, परिवहन या सेवन की अनुमति नहीं होगी।
जिलों में सख्ती से लागू होगा आदेश
आबकारी आयुक्त कार्यालय, नया रायपुर की ओर से प्रदेश के सभी जिला कलेक्टरों को निर्देश जारी कर आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने कहा गया है। विभाग ने शराब दुकानों के साथ उनसे जुड़े अहातों को भी पूरी तरह बंद रखने के निर्देश दिए हैं।
विभाग की ओर से अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने कहा गया है कि स्वतंत्रता दिवस के दिन शराब की अवैध बिक्री या परिवहन न हो। इसके लिए संबंधित क्षेत्रों में निगरानी और जांच बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
अवैध बिक्री पर होगी कार्रवाई
आबकारी विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि शुष्क दिवस के दौरान यदि कोई व्यक्ति शराब बेचते, पिलाते या अवैध रूप से उसका परिवहन करते हुए पकड़ा जाता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शिकायत मिलने पर अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
यानी 15 अगस्त को छत्तीसगढ़ में शराब दुकानों के साथ-साथ उनसे जुड़ी गतिविधियों पर भी प्रशासन की कड़ी नजर रहेगी।


