जांजगीर चांपा – भाजयुमो जिलाध्यक्ष आकाश सिंह पर गंभीर आरोप, उप-अभियंता की शिकायत से मचा हड़कंप




नरियरा। नगर पंचायत नरियरा में विकास कार्यों को लेकर चल रही चर्चा उस वक्त विवाद में बदल गई, जब नगर पंचायत के उप-अभियंता के.एन. उपाध्याय ने पार्षद एवं भाजपा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष आकाश सिंह सहित अन्य पार्षदों के खिलाफ लिखित शिकायत सौंप दी। शिकायत में गाली-गलौज, धमकी, धक्का-मुक्की और मारपीट के प्रयास जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, 16 सितंबर को दोपहर करीब 1:30 बजे नगर पंचायत कार्यालय में मुक्तिधाम के कार्य और कार्यालय के सामने सड़क निर्माण को लेकर चर्चा चल रही थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद की स्थिति निर्मित होने का आरोप है।

उप-अभियंता के.एन. उपाध्याय द्वारा दी गई शिकायत के अनुसार, चर्चा के दौरान उनके साथ कथित तौर पर गाली-गलौज की गई। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि उनके कागजात चेहरे पर मारे गए तथा कुर्सी समेत उन्हें धक्का देने और मारपीट का प्रयास किया गया।

घटना के बाद उप-अभियंता ने मुख्य नगरपालिका अधिकारी को लिखित शिकायत सौंपते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। शिकायत की प्रतिलिपि कलेक्टर जांजगीर-चांपा सहित संबंधित अधिकारियों को भी भेजे जाने की बात सामने आई है।

इस घटना के बाद नगर पंचायत नरियरा में विकास कार्यों को लेकर चल रही बैठकों और जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के बीच समन्वय को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

अब बड़ा सवाल यह है कि विकास कार्यों को लेकर शुरू हुई चर्चा आखिर ऐसी स्थिति तक कैसे पहुंच गई कि मामला लिखित शिकायत और कार्रवाई की मांग तक जा पहुंचा?

हालांकि, इस पूरे मामले में फिलहाल सामने आया पक्ष उप-अभियंता द्वारा दी गई लिखित शिकायत में लगाए गए आरोपों पर आधारित है। आकाश सिंह एवं अन्य संबंधित पार्षदों का पक्ष अभी सामने नहीं आया है। संबंधित पक्ष का जवाब और प्रशासनिक जांच के बाद ही घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

नगर पंचायत नरियरा से जुड़े इस विवाद पर अब प्रशासन की कार्रवाई और जांच पर नजर बनी हुई है।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles