गेमन पुल पर जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही थी महिला, चांपा पुलिस ने तेज बहाव में उतरकर बचाई जान



हसदेव नदी के बीच फंसी महिला को ग्रामीणों, नाविकों और गोताखोरों की मदद से किया गया सकुशल रेस्क्यू; बीडीएम अस्पताल में उपचार जारी

जांजगीर-चांपा, 14 सितंबर 2026। हसदेव नदी का तेज बहाव… नदी के बीच फंसी एक महिला और हर पल बढ़ता खतरा। गेमन पुल के पास जैसे ही महिला के तेज बहाव में बहने और नदी के बीच फंसने की सूचना चांपा पुलिस को मिली, पुलिस टीम ने बिना देर किए मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया।

स्थिति बेहद चुनौतीपूर्ण थी, लेकिन पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों, नाविकों और गोताखोरों की मदद से संयुक्त रूप से बचाव अभियान चलाया। काफी मशक्कत और जोखिम के बाद महिला को तेज बहाव से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

नाजुक हालत में अस्पताल पहुंचाया

रेस्क्यू के दौरान महिला जीवित अवस्था में मिली, लेकिन उसकी हालत नाजुक थी। पुलिस टीम ने समय गंवाए बिना उसे तत्काल उपचार के लिए बी.डी.एम. अस्पताल, चांपा पहुंचाया। चिकित्सकों ने तुरंत इलाज शुरू किया। उपचार के बाद महिला की स्थिति में सुधार आया और वह बातचीत करने की स्थिति में पहुंच गई।

शौच के लिए नदी किनारे गई थी महिला

पुलिस की पूछताछ में महिला की पहचान प्रेम कुमारी मसीह के रूप में हुई। महिला ने बताया कि वह चांपा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर रहती है और मांगकर अपना जीवन-यापन करती है।

महिला के अनुसार, सोमवार सुबह वह शौच के लिए हसदेव नदी के किनारे गई थी। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और पैर फिसलने से वह नदी के तेज बहाव में जा गिरी। पानी के तेज बहाव में बहते हुए वह नदी के बीच जाकर फंस गई।

सूचना मिलते ही हरकत में आई पुलिस

महिला के नदी में फंसने की सूचना मिलते ही चांपा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। तेज बहाव को देखते हुए पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों, नाविकों और गोताखोरों को रेस्क्यू अभियान में शामिल किया।

संयुक्त टीम ने काफी सावधानी और जोखिम के बीच अभियान चलाया और आखिरकार महिला को सुरक्षित बाहर निकालने में सफलता हासिल की। समय पर की गई पुलिस की कार्रवाई और स्थानीय लोगों के सहयोग से महिला की जान बचाई जा सकी।

रेस्क्यू अभियान में पुलिस के साथ ग्रामीणों, नाविकों और गोताखोरों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रही। तेज बहाव के बीच जिस तरह सभी ने मिलकर जोखिम उठाया, वह मानवीय संवेदना और सामूहिक प्रयास की मिसाल है।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles