38.2 C
New York
Thursday, July 2, 2026

Buy now

spot_img

जांजगीर चांपा – आधे घंटे से ज्यादा बंद रहा मुख्य मार्ग, कड़ी धूप में फंसे रहे सैकड़ों राहगीर



सोंठी आश्रम के सामने सुरक्षा व्यवस्था के चलते रोकी गई वाहनों की आवाजाही, कड़ी धूप में बच्चों, बुजुर्गों और यात्रियों को झेलनी पड़ी भारी परेशानी।

जांजगीर-चांपा। जिले में मुख्यमंत्री के वीआईपी दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के चलते बम्हनीडीह-चांपा मुख्य मार्ग पर सोंठी आश्रम के सामने करीब आधे घंटे से अधिक समय तक यातायात पूरी तरह रोक दिया गया। इस दौरान सड़क के दोनों ओर दोपहिया, चारपहिया और अन्य वाहनों की लंबी कतार लग गई। तेज धूप और उमस के बीच सैकड़ों राहगीर सड़क पर ही इंतजार करने को मजबूर रहे, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सीएम का काफिला सोंठी आश्रम पहुंचने के बाद पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद कर दी। काफिले के साथ पहुंचे जनप्रतिनिधि और अधिकारी आश्रम परिसर में करीब आधे घंटे से अधिक समय तक मौजूद रहे। इस दौरान किसी भी वाहन को आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी गई, जिससे दोनों दिशाओं में लंबा जाम लग गया।

सबसे अधिक परेशानी उन लोगों को हुई जो जरूरी कार्य से चांपा या बम्हनीडीह की ओर जा रहे थे। कई वाहन चालक लंबे समय तक धूप में खड़े रहे, जबकि कई परिवार छोटे बच्चों और बुजुर्गों के साथ यात्रा कर रहे थे। भीषण गर्मी के कारण बच्चों और बुजुर्गों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई लोग अपने वाहनों से उतरकर पेड़ों की छांव तलाशते नजर आए, वहीं कुछ लोग लगातार पुलिसकर्मियों से मार्ग खोलने की मांग करते रहे।

राहगीरों का कहना था कि वीआईपी काफिला आश्रम परिसर में प्रवेश करने के बाद मुख्य मार्ग पर यातायात सामान्य कर देना चाहिए था। उनका तर्क था कि जब काफिला सुरक्षित रूप से परिसर के भीतर पहुंच चुका था, तब आम नागरिकों को लंबे समय तक रोककर रखने की आवश्यकता नहीं थी। लोगों का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था जरूरी है, लेकिन उसके नाम पर आम जनता को अनावश्यक परेशानी में डालना उचित नहीं कहा जा सकता।

कई वाहन चालकों ने बताया कि उन्हें आधे घंटे से अधिक समय तक सड़क पर ही इंतजार करना पड़ा, जिससे उनके निर्धारित कार्य प्रभावित हुए। कुछ लोगों ने यह भी कहा कि यदि प्रशासन वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था करता या समय-समय पर सीमित संख्या में वाहनों को निकलने देता, तो लोगों को इतनी अधिक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता।

बाद में मार्ग खोले जाने के बाद वाहनों की आवाजाही सामान्य हुई, लेकिन लंबे इंतजार के कारण लोगों में नाराजगी साफ दिखाई दी। स्थानीय लोगों का कहना है कि भविष्य में ऐसी व्यवस्थाएं बनाई जानी चाहिए, जिससे सुरक्षा व्यवस्था भी बनी रहे और आम नागरिकों को अनावश्यक रूप से लंबे समय तक सड़क पर खड़ा न रहना पड़े।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles