अमन छत्तीसगढ़ न्यूज
जांजगीर-चांपा जिले के चांपा नगर में रविवार सुबह एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। हटवारा चौक स्थित सोनारिन घाट के पास एक मकान में युवक का शव फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और आसपास के लोग मौके पर जुट गए।

मृतक की पहचान राहुल केवट (25 वर्ष) पिता शंभु केवट के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना डायल 112 को दी, जिसके बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। बताया जा रहा है कि पुलिस के पहुंचने से पहले ही परिजनों ने युवक के शव को फंदे से नीचे उतार लिया था।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घर का निरीक्षण कर उसे सील कर दिया और जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है ताकि मौत के सही कारणों का पता चल सके।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी शुरू कर दी है। परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और सभी संभावित कारणों को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जा रही है।


