अमन छत्तीसगढ़ न्यूज़. विशेष रिपोर्ट
चांपा | चांपा रेलवे स्टेशन पर उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर मंडल द्वारा अचानक सघन टिकट जांच अभियान शुरू किया गया। यात्रियों को जैसे ही इस कार्रवाई की भनक लगी, स्टेशन परिसर में हलचल तेज हो गई। हर प्लेटफॉर्म, प्रवेश और निकास द्वार पर रेलवे की टीमें तैनात दिखाई दीं।
इस किलाबंदी टिकट चेकिंग अभियान का उद्देश्य टिकट लेकर यात्रा करने वाले ईमानदार यात्रियों को बेहतर सुविधा देना, बिना टिकट यात्रा पर सख्त रोक लगाना और यात्रियों को रेलवे नियमों के प्रति जागरूक करना था। अभियान का नेतृत्व वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह के मार्गदर्शन में किया गया।
जांच के दौरान टिकट चेकिंग स्टाफ ने लोकल, पैसेंजर और एक्सप्रेस ट्रेनों के साथ-साथ प्लेटफॉर्म और स्टेशन परिसर में भी गहन जांच की। बिना टिकट, अनियमित टिकट और नियमों के उल्लंघन के मामलों में यात्रियों को मौके पर ही पकड़ा गया।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस अभियान में कुल 238 मामलों में कार्रवाई की गई, जिससे ₹1,42,865 का जुर्माना वसूला गया। अचानक हुई इस सख्त कार्रवाई से बिना टिकट यात्रा करने वालों में हड़कंप मच गया, वहीं नियमों का पालन करने वाले यात्रियों ने रेलवे की इस पहल की सराहना की।
रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इस तरह के अचानक और सघन टिकट जांच अभियान जारी रहेंगे, ताकि स्टेशन और ट्रेनों में अनुशासन बना रहे और यात्रियों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा मिल सके।
रेलवे की दो टूक चेतावनी:
बिना टिकट यात्रा करने वालों के लिए अब कोई ढील नहीं—नियम तोड़ेंगे तो कार्रवाई तय है।


