जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ सरकार ने वित्त मंत्री ओपी चौधरी द्वारा प्रस्तुत 1 लाख 72 हजार करोड़ रुपये के बजट को विकासोन्मुख और जनहितकारी बताया है। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं जशपुर जिला संगठन प्रभारी अमर सुल्तानिया ने कहा कि यह बजट प्रदेश के भविष्य को मजबूत आधार देने वाला है।
सुल्तानिया ने बताया कि बजट में गांव, गरीब, किसान, युवा और महिलाओं को केंद्र में रखकर योजनाएं बनाई गई हैं। पिछले 5,700 करोड़ के बजट से बढ़कर यह 1.72 लाख करोड़ तक पहुँच चुका है, जो लगभग 30 गुना वृद्धि को दर्शाता है और प्रदेश की आर्थिक प्रगति का संकेत है।
उन्होंने कहा कि बजट में 23 नए उद्योगों और उद्योग पार्कों के विकास की घोषणा से रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे, जिससे युवा अपने ही राज्य में बेहतर भविष्य पा सकेंगे।
सिरपुर में रिवर फ्रंट और मेडिटेशन सेंटर बनाने की योजना को सुल्तानिया ने पर्यटन और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बताया। उनका कहना है कि इससे छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक पहचान मजबूत होगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा।
बजट में बेटियों के लिए डेढ़ लाख रुपये तक की सहायता और किसानों को ब्याज मुक्त ऋण जैसी घोषणाएं सरकार की संवेदनशील सोच का उदाहरण हैं। सुल्तानिया ने कहा कि यह केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि प्रदेश को आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाने का रोडमैप है।
अंत में उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और वित्त मंत्री ओपी चौधरी के नेतृत्व में यह बजट छत्तीसगढ़ के विकास को नई गति देगा और आने वाले वर्षों में राज्य देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होगा।


