छत्तीसगढ़। हाल ही में नियुक्त भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रदेश अध्यक्ष राहुल योगराज टिकरीहा पर पारिवारिक विवाद के चलते गंभीर आरोप लगने से सियासत गरमा गई है।
परिवार का आरोप और शिकायत
राहुल के चाचा रविकांत टिकरीहा ने एक शिकायत पत्र जारी किया है, जिसमें राहुल पर अपनी पत्नी से अवैध संबंध रखने का आरोप लगाया गया है। यह शिकायत पत्र सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिससे राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई है।
शिकायत में कहा गया है कि राहुल की वजह से परिवार बिखर गया और घर तबाह हो गया। चाचा ने समाज के सामने पत्र लिखकर राहुल पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इसके साथ ही एक कथित ऑडियो क्लिप भी वायरल हुई है, जिसे कांग्रेस गंभीर मामला बता रही है।
पुलिस की निष्क्रियता पर सवाल
शिकायत के बावजूद पुलिस द्वारा अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। विपक्ष का आरोप है कि राजनीतिक रसूख की वजह से शिकायत दर्ज होने के बावजूद कार्यवाही रोक दी गई। इस वजह से सोशल मीडिया पर चर्चा और तेज हो गई है।

कांग्रेस का हमला
कांग्रेस नेताओं ने इस विवाद को मुद्दा बनाते हुए कहा कि प्रदेश की अस्मिता से जुड़े इस मामले में भाजपा को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए। कांग्रेस का कहना है कि जब तक सच सामने नहीं आता, राहुल टिकरीहा को अपने पद से इस्तीफ़ा दे देना चाहिए।
राहुल टिकरीहा की चुप्पी
दैनिक भास्कर टीम ने जब इस पर राहुल टिकरीहा से बात करने की कोशिश की तो उन्होंने अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी। उनके करीबी सूत्रों का कहना है कि यह मामला 4 साल पुराना है और इसमें कोर्ट से उन्हें क्लीन चिट मिल चुकी है। हालांकि भाजपा या भाजयुमो की ओर से इस विषय पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
18 दिन पहले बने थे भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष
गौरतलब है कि राहुल टिकरीहा को महज़ 18 दिन पहले ही भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। भाजपा ने हाल ही में संगठन में 47 नए पदाधिकारियों की नियुक्ति की थी, जिसमें राहुल को अहम जिम्मेदारी दी गई।
सोशल मीडिया पर सवाल
सोशल मीडिया यूज़र्स ने इस पूरे प्रकरण को लेकर भाजपा पर सवाल उठाए हैं। कुछ यूज़र्स का कहना है कि “पारिवारिक विवाद और विवादित छवि वाले नेता को इतनी बड़ी जिम्मेदारी क्यों दी गई?” वहीं कुछ ने लिखा कि “भाजपा नैतिकता की कसौटी पर सवालों के घेरे में आ गई है।”


