अमन छत्तीसगढ़ न्यूज
बम्हनीडीह / चाम्पा।
हसदेव पब्लिक स्कूल, चाम्पा की बच्चों से भरी स्कूल बस को आज सुबह एक तेज़ रफ्तार ट्रेलर ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे के वक्त बस में बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे सवार थे। टक्कर के बाद बस में अफरा-तफरी मच गई और बच्चे दहशत में आ गए।


हादसे में कई बच्चों को मामूली चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही अभिभावक और स्कूल प्रबंधन मौके पर पहुँचे। बच्चों को सुरक्षित बस से उतारकर प्राथमिक उपचार दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेलर तेज़ गति में था और बस को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे बस कुछ दूरी तक आगे बढ़ गई। गनीमत रही कि बस पलटी नहीं, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
अभिभावकों में आक्रोश
घटना के बाद क्षेत्र में अभिभावकों में भारी आक्रोश देखा गया। अभिभावकों का कहना है कि रोज़ाना बच्चों को पढ़ाई के लिए चाम्पा और जांजगीर जैसे दूर शहरों में भेजना उनकी मजबूरी बन चुकी है, जिससे बच्चों की सुरक्षा पर खतरा बना रहता है।
एक ही दिन में दूसरा सड़क हादसा
इसी दिन बम्हनीडीह से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर शिक्षक श्री भुवन डडसेना की कार को एक कैप्सूल वाहन ने टक्कर मार दी। वे अपने बच्चे को स्कूल छोड़ने जा रहे थे। इस हादसे में भी वे और उनका बच्चा सुरक्षित हैं।
स्थानीय स्कूल की मांग तेज
लगातार हो रही दुर्घटनाओं से चिंतित अभिभावकों ने प्रशासन से मांग की है कि बम्हनीडीह क्षेत्र में एक अच्छा और सुरक्षित स्कूल स्थापित किया जाए या फिर सरकारी स्कूलों में शिक्षा एवं सुरक्षा की व्यवस्था को मजबूत किया जाए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सिर्फ एक दुर्घटना नहीं, बल्कि बच्चों की सुरक्षा को लेकर सिस्टम की बड़ी चूक है। यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।


