चाम्पा। नैला से बलौदा जाने वाली मुख्य सड़क की हालत बदतर हो चुकी है। सड़क पर एक से डेढ़ फीट गहरे करीब सौ से अधिक गड्ढे बन गए हैं, जो हादसों को न्यौता दे रहे हैं। ट्रेलर और हाइवा जैसे भारी वाहनों की लगातार आवाजाही से सड़क पूरी तरह उखड़ गई है। बारिश के दिनों में इन गड्ढों में पानी भर जाने से राहगीरों की मुश्किलें और बढ़ जाती हैं।
यह मार्ग जावलपुर, पाली, पंतोरा, सीपत और जर्वे होते हुए सीधे कोरबा की ओर जाता है। इस रास्ते से गुजरने वाले लोगों को प्रतिदिन कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। विशेषकर स्कूल और कॉलेज जाने वाले विद्यार्थी कीचड़ से परेशान रहते हैं। उनका ड्रेस रोज खराब हो रहा है। वहीं स्कूटी और बाइक सवारों को गहरे गड्ढों के कारण सबसे अधिक खतरे का सामना करना पड़ रहा है।
लोगों का कहना है कि गड्ढों की वजह से वाहन पलटने की आशंका बनी रहती है। कई बार मरम्मत की मांग प्रशासन और संबंधित विभाग से की गई है, लेकिन अब तक किसी भी तरह की कार्यवाही नहीं की गई है। स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि सड़क की जल्द मरम्मत नहीं की गई तो वे आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।
जनता की मांग है कि जिम्मेदार विभाग तुरंत इस मार्ग की मरम्मत कराए, ताकि दुर्घटनाओं से बचा जा सके और लोगों को राहत मिल सके।


