आज फिर हुए 2 हादसे

चांपा। नगर में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। लगातार चौथे दिन हुई दुर्घटनाओं ने लोगों के मन में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। आए दिन हो रहे हादसों से शहर की यातायात व्यवस्था और तेज रफ्तार वाहनों पर सवाल खड़े होने लगे हैं। गुरुवार को अलग-अलग स्थानों पर हुई दो सड़क दुर्घटनाओं में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
पहला मामला – युवक गंभीर घायल

पहली घटना ग्राम हाथनेवरा निवासी रवि पटेल (25 वर्ष), पिता सम्मेलाल पटेल के साथ हुई। बताया जा रहा है कि वह अपने काम से जा रहे थे, तभी विपरीत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में उनके दोनों पैरों में गंभीर चोट आई है, जिसमें एक पैर में फ्रैक्चर बताया जा रहा है। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें उठाकर चांपा के शासकीय बीडीएम अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर कर दिया। परिजनों के अनुसार युवक की स्थिति अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।
दूसरा मामला – साइकिल सवार की मौत
दूसरी घटना में चांपा सदर बाजार के डोंगाघाट निवासी तुलसीदास महंत (60 वर्ष) की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा जगदल्ला से सिवनी मार्ग पर हुआ।
जानकारी के अनुसार तुलसीदास महंत साइकिल से अपने घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही ‘छोटा हाथी’ वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद वाहन चालक ने मानवता दिखाते हुए उन्हें उसी वाहन से शासकीय बीडीएम अस्पताल चांपा पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रबंधन द्वारा शव को मर्च्युरी में रख दिया गया है। शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन सहित आरोपी चालक को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है।
शहर में बढ़ती दुर्घटनाओं से दहशत
लगातार चार दिनों से हो रही सड़क दुर्घटनाओं ने नगरवासियों की चिंता बढ़ा दी है। लोगों का कहना है कि शहर में तेज रफ्तार, यातायात नियमों की अनदेखी और सड़कों पर बढ़ते भारी वाहनों की आवाजाही के कारण हादसे बढ़ रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से शहर में यातायात व्यवस्था सुधारने, स्पीड ब्रेकर बनाने, पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने और तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
अब देखना होगा कि प्रशासन इन लगातार हो रही दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए क्या ठोस कदम उठाता है, ताकि शहर की सड़कों पर लोगों की जान सुरक्षित रह सके।


