Aman chhattisgarh news
चांपा। रंगों के त्योहार होली को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए चांपा पुलिस ने पूरी ताकत झोंक दी है। जिले के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। प्रमुख चौक-चौराहों पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है, जिससे असामाजिक तत्वों में खलबली मच गई है।

त्योहारी सीजन में कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस टीम लगातार गश्त कर रही है। संदिग्ध व्यक्तियों से कड़ी पूछताछ की जा रही है, वहीं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने वाले, शराब पीकर ड्राइविंग करने वालों और तीन सवारी बैठाकर चलने वाले वाहन चालकों पर तत्काल चालानी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की सख्ती के चलते यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों में डर साफ देखा जा रहा है।
थाना चांपा के थाना प्रभारी अशोक वैष्णव ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि होली के दौरान किसी भी प्रकार की हुड़दंग, उपद्रव या कानून हाथ में लेने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि माहौल खराब करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे त्योहार को आपसी भाईचारे, प्रेम और शांति के साथ मनाएं तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। आम लोगों ने भी पुलिस की सक्रियता की सराहना करते हुए इसे होली जैसे बड़े पर्व पर जरूरी कदम बताया है।
लगातार चल रहे इस विशेष अभियान से साफ है कि इस बार चांपा में होली पूरी तरह सुरक्षित माहौल में मनाई जाएगी और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था फैलाने वालों के लिए कोई राहत नहीं होगी।


