अमन छत्तीसगढ़ न्यूज़
जांजगीर-चांपा। भारतीय जनता पार्टी द्वारा 6 अप्रैल 2026 को अपना स्थापना दिवस जिले भर में हर्षोल्लास और भव्यता के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर को खास बनाने के लिए पार्टी संगठन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। यह आयोजन संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं के सम्मान और आमजन से जुड़ाव को और अधिक सशक्त बनाने का अवसर होगा।
जिले के सभी मंडलों, बूथों एवं शक्ति केंद्रों पर स्थापना दिवस मनाया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकाल ध्वजारोहण के साथ होगी, जिसमें पार्टी के कार्यालयों एवं प्रमुख स्थानों पर ध्वज फहराया जाएगा। इसके पश्चात दीप प्रज्ज्वलन और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रमों का शुभारंभ किया जाएगा। वरिष्ठ नेताओं द्वारा संगठन की विचारधारा, उपलब्धियों एवं कार्यों पर प्रकाश डाला जाएगा।
जिलाध्यक्ष अंबेश जांगड़े ने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से आह्वान किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस आयोजन को सफल बनाएं।
पखवाड़े भर होंगे विविध आयोजन
स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में 10 अप्रैल से 20 अप्रैल तक “गांव चलो, बस्ती चलो” अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत जनप्रतिनिधि, निगम अध्यक्ष, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता गांवों और बस्तियों में पहुंचकर सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता अभियान चलाएंगे। साथ ही केंद्र एवं प्रदेश सरकार की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए हितग्राहियों से संवाद भी करेंगे।
14 अप्रैल को अंबेडकर जयंती पर विशेष कार्यक्रम
14 अप्रैल को भारत रत्न, संविधान निर्माता डॉ. बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर उनकी प्रतिमा एवं आसपास के परिसर में साफ-सफाई एवं स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। साथ ही दीपोत्सव का आयोजन कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।
इस प्रकार भाजपा का स्थापना दिवस केवल एक दिन का कार्यक्रम न होकर पूरे पखवाड़े तक जनसंपर्क, सेवा और संगठन सुदृढ़ीकरण का अभियान बनकर जिले में मनाया जाएगा।


