24.6 C
New York
Wednesday, April 15, 2026

Buy now

spot_img

भाजपा का 47वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया, बूथ क्रमांक 52 एवं 53 में हुआ आयोजन

चांपा। सोमवार, 6 अप्रैल 2026 को भारतीय जनता पार्टी का 47वां स्थापना दिवस क्षेत्र में बड़े ही उत्साह, गरिमा और संगठनात्मक एकता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला और पूरे कार्यक्रम का माहौल देशभक्ति से ओतप्रोत रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत भारत के पूर्व प्रधानमंत्री एवं भाजपा के प्रेरणास्रोत अटल बिहारी वाजपेयी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने से हुई। इसके पश्चात पार्टी का ध्वज विधिवत फहराया गया, जिसमें उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने भाग लेकर संगठन के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त की।

स्थापना दिवस के इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की और संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान भाजपा के सिद्धांतों, विचारधारा और राष्ट्रसेवा के संकल्प को दोहराया गया। चारों ओर “भारत माता की जय” एवं पार्टी के जयघोष गूंजते रहे, जिससे वातावरण पूरी तरह उत्साहपूर्ण बना रहा।

इस अवसर पर नगर मंडल अध्यक्ष श्री संतोष थवाईत ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी का 47 वर्षों का सफर संघर्ष, समर्पण और सेवा का प्रतीक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे संगठन की नीतियों और योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। मंडल उपाध्यक्ष श्री मंगल चंद देवांगन एवं मंडल मंत्री श्री गौतम यादव ने भी कार्यकर्ताओं को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए संगठन की मजबूती पर जोर दिया।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से युवा मोर्चा के पूर्व जिला अध्यक्ष श्री मुकेश जायसवाल, वार्ड पार्षद श्रीमती भगवंतीन साहू, अनुसूचित जाति मोर्चा के अध्यक्ष एवं बूथ 53 के अध्यक्ष विक्रांत बघेल, बूथ क्रमांक 52 के अध्यक्ष श्री केशव देवांगन, युवा मोर्चा के महामंत्री आदर्श पांडेय, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के अध्यक्ष श्री गंगाराम मांझी, श्री आदित्य सोनी सहित भाजपा के सभी कार्यकर्ता एवं वार्ड के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि यह आयोजन बूथ क्रमांक 52 एवं 53 में संपन्न हुआ, जहां बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और भी भव्य बना दिया। अंत में सभी ने राष्ट्रहित, क्षेत्रीय विकास एवं संगठन की निरंतर प्रगति की कामना के साथ कार्यक्रम का समापन किया।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles