🚨
चांपा — चांपा स्थित प्रकाश इंडस्ट्रीज लिमिटेड के प्लांट में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। प्लांट की एक भट्टी (फर्नेस) में अचानक जोरदार ब्लास्ट होने से अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस हादसे में कई मजदूरों के घायल होने की आशंका है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, धमाका इतना तेज था कि प्लांट परिसर में काम कर रहे मजदूर घबरा गए और इधर-उधर भागने लगे। ब्लास्ट के तुरंत बाद धुआं और आग की लपटें भी देखी गईं। मौके पर 4 से 5 एम्बुलेंस को प्लांट के अंदर जाते हुए देखा गया, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि घायलों की संख्या कम नहीं है।
घटना के बाद सभी घायलों को जल्दबाजी में नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, हालांकि अभी तक प्रशासन या कंपनी की ओर से घायलों की संख्या और उनकी हालत को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
सूत्रों के अनुसार, यह पहली बार नहीं है जब प्लांट में इस तरह का हादसा हुआ हो। इससे पहले भी कई बार सुरक्षा को लेकर सवाल उठ चुके हैं। हाल ही में औद्योगिक सुरक्षा विभाग द्वारा निरीक्षण भी किया गया था, लेकिन इसके बावजूद ऐसी घटना होना गंभीर लापरवाही की ओर इशारा करता है।
फिलहाल प्रशासन मौके पर मौजूद है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों और मजदूरों में इस घटना को लेकर डर और गुस्से का माहौल है।
👉 अपडेट जारी…


