चांपा। जिले के चांपा स्थित एक प्रतिष्ठित औद्योगिक संस्थान को साइबर ठगों ने बेहद शातिर तरीके से अपना निशाना बनाया है। ई-मेल हैकिंग और फर्जी बैंक खाते के जरिए ठगों ने कंपनी से 28 लाख रुपये की बड़ी रकम हड़प ली। इस सनसनीखेज मामले के सामने आने के बाद औद्योगिक क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के मुताबिक चांपा स्थित प्रकाश इंडस्ट्रीज का राउरकेला की एक कारोबारी फर्म के साथ रॉ मटेरियल की खरीद-बिक्री को लेकर नियमित लेन-देन होता है। इसी दौरान साइबर अपराधियों ने कंपनी और सप्लायर के बीच चल रहे ई-मेल संवाद में सेंध लगा दी। ठगों ने सप्लायर के नाम से फर्जी ई-मेल भेजकर नया बैंक खाता बताने का झांसा दिया और भुगतान उसी खाते में जमा कराने को कहा।
कंपनी प्रबंधन ने ई-मेल को असली समझकर 28 लाख रुपये संबंधित खाते में ट्रांसफर कर दिए। बाद में जब सप्लायर ने भुगतान नहीं मिलने की जानकारी दी, तब पूरे फर्जीवाड़े का पर्दाफाश हुआ। जांच में सामने आया कि अज्ञात साइबर ठगों ने ई-मेल हैकिंग के जरिए यह पूरी साजिश रची थी।
प्रकाश इंडस्ट्रीज के अधिकारी विनय दास की शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। सीएसपी योगिता बाली खापर्डे ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह ई-मेल आधारित साइबर फ्रॉड का मामला प्रतीत हो रहा है और पुलिस सभी तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही है।
फर्जी खातों और ई-मेल आईडी की खंगाल रही पुलिस
पुलिस अब ठगी में इस्तेमाल किए गए बैंक खातों, ई-मेल आईडी और डिजिटल ट्रांजेक्शन की बारीकी से जांच कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि साइबर अपराधी अब व्यापारिक संस्थानों को निशाना बनाकर फर्जी ई-मेल और बैंक डिटेल्स के जरिए करोड़ों की ठगी को अंजाम दे रहे हैं।
व्यापारियों को चेतावनी
पुलिस ने सभी औद्योगिक और व्यापारिक संस्थानों से अपील की है कि किसी भी भुगतान से पहले बैंक खाते की जानकारी की स्वतंत्र रूप से पुष्टि जरूर करें। केवल ई-मेल के आधार पर खाते में रकम ट्रांसफर करना भारी नुकसान का कारण बन सकता है।


