21.1 C
New York
Monday, July 6, 2026

Buy now

spot_img

पद्म विभूषण पंडवानी गायिका स्वर्गीय तीजन बाई का जीवन कला साधकों के लिए प्रेरणादायी : बीटीएस फिल्म प्रोडक्शन चांपा ने दी श्रद्धांजलि


चांपा। छत्तीसगढ़ की माटी की सच्ची पुत्री, विश्वविख्यात पद्म विभूषण पंडवानी गायिका स्वर्गीय तीजन बाई के निधन पर बीटीएस फिल्म प्रोडक्शन, चांपा द्वारा श्रीकृष्ण गौशाला परिसर में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान उपस्थित कलाकारों, साहित्यकारों एवं गणमान्य नागरिकों ने स्वर्गीय तीजन बाई के तैलचित्र पर दीप प्रज्वलित कर पुष्प अर्पित किए तथा दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम में वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. रमाकांत सोनी ने कहा कि स्वर्गीय तीजन बाई मां सरस्वती की सच्ची साधिका थीं। उन्होंने पंडवानी की कापालिक शैली को अपनी अद्भुत प्रस्तुति से विश्व स्तर पर पहचान दिलाई।

फिल्म लेखक, कलाकार एवं रचनात्मक निर्देशक गिरधारी यादव ने कहा कि तीजन बाई का जीवन संघर्ष, मेहनत और कला साधना का अनुपम उदाहरण है। विपरीत परिस्थितियों में भी उन्होंने अपनी प्रतिभा के दम पर विश्वभर में छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया। उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों के कला साधकों को सदैव प्रेरित करता रहेगा।



स्वतंत्र पत्रकार एवं साहित्यकार अनंत थवाईत ने कहा कि पंडवानी गायन के माध्यम से तीजन बाई ने छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति को विश्व मंच तक पहुंचाया, जो पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है।

साहित्यकार एवं शिक्षाविद् डॉ. रविंद्र द्विवेदी ने कहा कि छत्तीसगढ़ की स्वर साम्राज्ञी तीजन बाई की लोककला शैली किसी भी कथा को जीवंत बना देती थी। महाभारत की लोकगाथा का उनका प्रस्तुतीकरण अद्वितीय था।

अधिवक्ता एवं साहित्यकार महावीर सोनी ने चांपा में आयोजित तीजन बाई के ऐतिहासिक कार्यक्रम को याद करते हुए कहा कि उनका योगदान भारतीय लोककला के इतिहास में सदैव स्वर्णाक्षरों में अंकित रहेगा।

बीटीएस फिल्म प्रोडक्शन के संस्थापक निर्माता-निर्देशक अखिलेश कोमल पांडे ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि स्वर्गीय तीजन बाई छत्तीसगढ़ की माटी की सच्ची सौंधी खुशबू थीं। उन्होंने अपनी कला से प्रदेश को वैश्विक पहचान दिलाई और वे सदैव जनमानस के हृदय में अमर रहेंगी।

श्रद्धांजलि सभा के अंत में सभी उपस्थित जनों एवं कलाकारों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

इस अवसर पर डॉ. रमाकांत सोनी, गिरधारी यादव, अखिलेश कोमल पांडे, अनंत थवाईत, शशि भूषण सोनी, डॉ. रविंद्र द्विवेदी, महावीर सोनी, दिलीप नामदेव, कुश सोनी, गोविंद चाँवरिया, सुनील कर्ष, आदर्श पांडे, देवव्रत देवांगन, प्रदीप यादव, विकास सोनी, कमल सागर, अनूप मसीह, संजू दादा, राज सिंह राजपूत, प्रकाश देवांगन सहित बड़ी संख्या में कलाकार एवं नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles