23.2 C
New York
Wednesday, August 12, 2026

Buy now

spot_img

चांपा में ‘RD’ के नाम पर करोड़ों का खेल! 150 खाताधारकों से ₹1 करोड़+ की ठगी, पोस्ट ऑफिस एजेंट गिरफ्तार


खातों में जमा करने के बजाय शेयर ट्रेडिंग में लगाई रकम! पुलिस ने 3 मोबाइल, पासबुक और चेकबुक किए जब्त

अमन छत्तीसगढ़ न्यूज

जांजगीर-चांपा/चांपा। पोस्ट ऑफिस में आरडी खाता खुलवाकर हर महीने रकम जमा करने का भरोसा दिलाने और बाद में खाताधारकों की रकम खाते में जमा नहीं करने के कथित बड़े फर्जीवाड़े का चांपा पुलिस ने खुलासा किया है। मामले में पुलिस ने पोस्ट ऑफिस एजेंट कृष्णकांत गुप्ता उर्फ कांतु (39 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने करीब 150 खाताधारकों से 1 करोड़ रुपये से अधिक की राशि ली, लेकिन पूरी रकम पोस्ट ऑफिस के खातों में जमा नहीं की। पूछताछ में रकम को कथित तौर पर ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग ऐप के जरिए निवेश करने की बात सामने आई है।

₹3 हजार की मासिक RD से खुला करोड़ों की ठगी का राज

मामले की शुरुआत चांपा निवासी हेमंत कुमार देवांगन की शिकायत से हुई। शिकायत के अनुसार कृष्णकांत गुप्ता उर्फ कांतु और उसकी मां लक्ष्मी गुप्ता पोस्ट ऑफिस चांपा में एजेंट के रूप में कार्य करते हैं।

आरोप है कि कृष्णकांत ने पोस्ट ऑफिस में आरडी के जरिए बेहतर लाभ मिलने का भरोसा दिलाकर प्रार्थी का खाता खुलवाया। इसके बाद 1 सितंबर 2022 से 12 फरवरी 2026 तक ₹1,21,200 जमा करने के नाम पर राशि ली गई और इसकी एंट्री डायरी में की जाती रही।

लेकिन जब प्रार्थी ने पोस्ट ऑफिस से अपने खाते की जानकारी ली तो उसमें महज ₹21,000 ही जमा मिले। यानी ₹1,00,200 की राशि खाते में जमा नहीं हुई।

इसके बाद मामले की शिकायत पुलिस तक पहुंची और जांच शुरू हुई।

पूछताछ में सामने आया 150 खाताधारकों का मामला

शिकायत के आधार पर थाना चांपा में अपराध क्रमांक 430/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(5), 318(3), 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने कृष्णकांत गुप्ता को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने प्रार्थी से ली गई रकम पोस्ट ऑफिस खाते में जमा नहीं करने की बात स्वीकार की।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में यह भी सामने आया कि करीब 150 पोस्ट ऑफिस खाताधारकों से 1 करोड़ रुपये से अधिक की राशि ली गई, जिसे उनके खातों में जमा नहीं किया गया।

पोस्ट ऑफिस की रकम शेयर मार्केट में लगाने का आरोप

पुलिस के अनुसार आरोपी ने कथित तौर पर खाताधारकों से प्राप्त रकम को ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग ऐप के माध्यम से निवेश करने की बात बताई है।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने 3 मोबाइल फोन, बैंक पासबुक और चेकबुक जब्त किए हैं। पुलिस अब जब्त सामग्री और अन्य खाताधारकों से संबंधित दस्तावेजों की जांच कर रही है।

आरोपी गिरफ्तार, आगे की जांच जारी

पुलिस का कहना है कि मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी कृष्णकांत गुप्ता को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कितने खाताधारकों से कितनी रकम ली गई और रकम का इस्तेमाल किस-किस तरीके से किया गया।

इनकी रही अहम भूमिका

पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक अशोक वैष्णव, उपनिरीक्षक भवानी सिंह चौहान, सहायक उपनिरीक्षक भुवनेश्वर राठौर, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक रूकसाना बानो, आरक्षक ईश्वरी राठौर, मुद्रिका दुबे सहित थाना चांपा पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

अमन छत्तीसगढ़ न्यूज की अपील: अगर आपने भी पोस्ट ऑफिस एजेंट के माध्यम से आरडी या किसी अन्य योजना में रकम जमा की है, तो समय-समय पर अपने खाते की स्थिति और जमा राशि की आधिकारिक रूप से जांच जरूर करें।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles