अमन छत्तीसगढ़ न्यूज़
सक्ती। थाना बाराद्वार पुलिस ने लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले एक संगठित गिरोह का 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश करते हुए एक महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर सोना नवनीकरण (Gold Renewal) एवं ऋण अवधि बढ़ाने का झांसा देकर 90 लाख 28 हजार 500 रुपये की ठगी करने का आरोप है।
गिरफ्तार आरोपियों में रेखा राठौर (37 वर्ष), निवासी निमधा, थाना मरवाही, जिला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, अफरोज खान (46 वर्ष), निवासी पुरानी बस्ती, पेंड्रा, तथा सुभाष कुमार साहू (34 वर्ष), निवासी चांटीडीह, बिलासपुर शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, ग्राम जेठा निवासी मूलचंद राठौर ने 5 मई 2026 को थाना बाराद्वार में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि रेखा राठौर, पुष्पांजली राठौर, अफरोज खान और सुभाष साहू ने सोना नवनीकरण और ऋण अवधि बढ़ाने का लालच देकर उनके तथा उनकी पत्नी और पुत्रों के विभिन्न बैंक खातों से यूपीआई, एनईएफटी, आरटीजीएस और आईएमपीएस के माध्यम से कुल 90,28,500 रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करा लिए।
शिकायत के आधार पर थाना बाराद्वार में अपराध क्रमांक 282/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 61(2) एवं 112 के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज के मार्गदर्शन तथा पुलिस अधीक्षक सक्ती प्रफुल्ल कुमार ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल एवं एसडीओपी भुनेश्वरी पैंकरा के निर्देशन में थाना प्रभारी नरेन्द्र यादव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अधिक धन कमाने के उद्देश्य से संगठित होकर योजना बनाई और 31 अक्टूबर 2025 से 5 मई 2026 के बीच मूलचंद राठौर, उनकी पत्नी फुलबाई राठौर तथा उनके पुत्रों के अलग-अलग बैंक खातों से विभिन्न ऑनलाइन बैंकिंग माध्यमों के जरिए कुल 90 लाख 28 हजार 500 रुपये की धोखाधड़ी की।
थाना बाराद्वार पुलिस ने स्पष्ट किया है कि धोखाधड़ी, लूट, डकैती एवं अन्य संगीन अपराधों में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। जिला पुलिस नागरिकों की सुरक्षा एवं अपराध नियंत्रण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्र यादव, सउनि यशवंत राठौर, प्रधान आरक्षक मनीष राजपूत, महिला प्रधान आरक्षक श्यामा जायसवाल, प्रधान आरक्षक प्रेम नारायण राठौर, प्रधान आरक्षक संतोष कश्यप, आरक्षक योगेश राठौर, आरक्षक राकेश राठौर तथा महिला आरक्षक रूपा लहरे का सराहनीय योगदान रहा।


