अमन छत्तीसगढ़ न्यूज़
जांजगीर-चांपा। जिले में जुआ-सट्टा पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में बिर्रा थाना पुलिस ने अंतरजिला जुआ नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 जुआड़ियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से कुल 15 हजार 970 रुपये नगद एवं ताश की गड्डियां जब्त की गई हैं।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में यह कार्रवाई 1 अप्रैल 2026 को की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना बिर्रा क्षेत्र के ग्राम सोनादह स्थित आम बगीचे में जुआ खेला जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर छापा मारा।
छापेमारी के दौरान मौके पर दो अलग-अलग जुआ फड़ संचालित होते पाए गए। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 12 आरोपियों को पकड़ लिया। सभी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत दो अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में जांजगीर-चांपा के अलावा बिलाईगढ़-सारंगढ़ और सक्ती जिले के निवासी भी शामिल हैं, जिससे अंतरजिला स्तर पर जुआ नेटवर्क संचालित होने की पुष्टि हुई है।
पुलिस ने बताया कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।


