चांपा। नगर के मुख्य चौक पर लगी ट्रैफिक लाइट इन दिनों लोगों के लिए मुसीबत बनी हुई है। बुधवार को चौक पर लगे लाइव सॉफ्टवेयर आधारित ट्रैफिक सिग्नल सभी दिशा में एक साथ चालू दिखाई दिए, जिससे वाहन चालकों को समझ नहीं आया कि रुकना है या चलना।
स्थिति यह रही कि कुछ लोग रुक गए तो कुछ वाहन चालक सिग्नल की अनदेखी कर आगे बढ़ गए, जिससे चौक पर अफरातफरी का माहौल बन गया। चौक से गुजरने वाले पैदल राहगीरों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सबसे हैरानी की बात यह रही कि मौके पर ट्रैफिक विभाग का कोई भी जिम्मेदार अधिकारी या कर्मचारी मौजूद नहीं था। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि अगर समय रहते इस अव्यवस्था पर ध्यान नहीं दिया गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ट्रैफिक लाइट को शीघ्र दुरुस्त किया जाए और चौक पर पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि यातायात व्यवस्था सामान्य हो सके।





