जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने एक बार फिर अपने दमदार प्रदर्शन से प्रदेश का नाम रोशन किया है। जांजगीर-चांपा स्थित हल्क फिटनेस क्लब के प्रतिभाशाली खिलाड़ी समीर शुक्ला ने अंतर्राष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत कंपनी द्वारा मड़वा प्लांट में आयोजित की गई थी, जिसमें देश-विदेश के कई खिलाड़ियों ने भाग लिया। समीर ने न सिर्फ पावरलिफ्टिंग में गोल्ड मेडल जीता, बल्कि बॉडीबिल्डिंग में कांस्य पदक हासिल कर अपनी बहुमुखी प्रतिभा का भी परिचय दिया।
उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के चलते अब उनका चयन आगामी अंतर्राष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता के लिए भी हो गया है, जो उनके करियर के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
इसी क्रम में क्लब के अन्य खिलाड़ियों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। हाल ही में श्रीलंका में आयोजित वर्ल्ड चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ टीम ने कुल 5 पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया। इस उपलब्धि के लिए शानू रॉय और सूर्यभान कुमार को छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत कंपनी द्वारा सम्मानित किया गया।
हल्क फिटनेस क्लब के कोच कैलाश वर्मा और किशन वर्मा के मार्गदर्शन में खिलाड़ी लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहे हैं। क्लब के सदस्य पावरलिफ्टिंग, वेटलिफ्टिंग, बॉडीबिल्डिंग और फिटनेस मॉडलिंग जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर जिले और प्रदेश को नई पहचान दिला रहे हैं।
क्लब प्रबंधन का कहना है कि उनका उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं को फिटनेस और खेलों से जोड़ना है, ताकि आने वाले समय में जिले से राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार हो सकें।
अंत में क्लब ने लोगों से अपील की है कि वे रोजाना व्यायाम को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं।


