अमन छत्तीसगढ़ न्यूज़
जांजगीर-चांपा जिले में जमीन खरीदी-बिक्री एवं शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर रकम दोगुनी करने का झांसा देकर करोड़ों रुपए की ठगी करने वाले फरार आरोपी को पुलिस ने साइबर टीम की सतर्कता से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी उत्तरा कुमार साहू पिता स्व. ईश्वर प्रसाद साहू (उम्र 52 वर्ष), निवासी बिलारी, थाना शिवरीनारायण, जिला जांजगीर-चांपा के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 3(5) के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
मामले का संक्षिप्त विवरण
प्रार्थी राजेश कुमार साहू, निवासी बिलारी वार्ड क्रमांक 12, थाना शिवरीनारायण द्वारा दिनांक 14 नवंबर 2025 को थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि वर्ष 2023 में भूपेंद्र साहू द्वारा यह कहकर विश्वास में लिया गया कि वह जमीन की खरीदी-बिक्री का कार्य करता है तथा उसका बेटा शेयर मार्केट में निवेश कर अच्छा मुनाफा कमा रहा है। निवेश करने पर 25 माह में ढाई गुना रकम ब्याज सहित लौटाने का झांसा दिया गया।
बार-बार आग्रह किए जाने पर प्रार्थी द्वारा दिनांक 30 नवंबर 2023 से 25 अगस्त 2024 के बीच कुल 1 करोड़ 88 लाख रुपये जमा किए गए, जिसे आरोपियों द्वारा छलपूर्वक हड़प लिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना शिवरीनारायण में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
पूर्व में हो चुकी है कई आरोपियों की गिरफ्तारी
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी चांपा यदुमणी सिदार के नेतृत्व में पूर्व में थाना शिवरीनारायण पुलिस द्वारा आरोपी भूपेंद्र कुमार साहू, हिरेंद्र कुमार साहू एवं सुरेन्द्र कुमार साहू को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है।
फरार आरोपी की गिरफ्तारी
मामले में फरार आरोपी उत्तरा कुमार साहू के संबंध में मुखबिर से सूचना मिलने पर निरीक्षक सागर पाठक (प्रभारी, साइबर सेल) एवं प्रधान आरक्षक राजकुमार चंद्रा की टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध में संलिप्तता स्वीकार की, जिसके आधार पर उसे दिनांक 07 जनवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस संपूर्ण कार्रवाई में निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव (थाना प्रभारी, शिवरीनारायण), सउनि रामप्रसाद बघेल, उनि सत्यम चौहान, पुलिस सहायता केंद्र राहौद के प्रधान आरक्षक सुधीर साहू, थाना शिवरीनारायण एवं साइबर टीम का सराहनीय योगदान रहा।


