अमन छत्तीसगढ़ न्यूज़
दुर्ग। राज्य अल्पसंख्यक आयोग के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ सिक्ख काउंसिल एवं कोलंबिया यूनिवर्सिटी के संयुक्त सहयोग से बाबा दीप सिंह जी गुरुद्वारा, दुर्ग के लिए प्रत्येक रविवार विशेष बस सेवा का शुभारंभ किया गया। इस पावन पहल का प्रथम दिवस इस रविवार बड़े श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत गुरु महाराज के श्री चरणों में अरदास के साथ हुई, जिसके पश्चात संगतों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बस सेवा का संचालन गुरुद्वारा श्याम नगर से प्रारंभ किया गया। इस दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
यह बस सेवा संगतों को गुरुद्वारा साहिब तक सहज, सुरक्षित और नियमित रूप से पहुंचाने का एक सराहनीय प्रयास है। इससे न केवल धार्मिक गतिविधियों में सहभागिता बढ़ेगी, बल्कि सेवा, समर्पण और संगत की भावना भी और अधिक सुदृढ़ होगी।
इस पहल को लेकर संगतों ने हर्ष व्यक्त करते हुए इसे एक महत्वपूर्ण कदम बताया और आयोजकों का आभार जताया।
अंत में, सभी ने एक स्वर में अरदास की कि वाहेगुरु जी की कृपा सभी पर बनी रहे और यह सेवा निरंतर चलती रहे।


