चांपा। नगर के हटवारा चौक के पास गुरुवार रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब शंभू दुकान के सामने लगे बिजली ट्रांसफार्मर में अचानक शॉर्ट सर्किट होने लगा। शुरुआत में ट्रांसफार्मर से तेज चिंगारियां निकलती रहीं, लेकिन देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरा ट्रांसफार्मर धू-धू कर जलने लगा।
आग की लपटें इतनी भयावह थीं कि आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए। घटना बीच बस्ती में होने के कारण लोगों की भीड़ जमा हो गई और क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।
ट्रांसफार्मर में आग लगने के चलते पूरे इलाके की बिजली व्यवस्था ठप हो गई है, जिससे आसपास के घरों और दुकानों में अंधेरा छा गया। स्थानीय लोगों द्वारा तुरंत बिजली विभाग को सूचना दे दी गई, जिसके बाद विभागीय टीम मौके के लिए रवाना हुई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रांसफार्मर से पहले भी कई बार चिंगारियां निकल चुकी थीं, लेकिन समय रहते सुधार नहीं होने के कारण यह बड़ा हादसा हो गया।


