रायपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस महकमे में जल्द ही बड़ा प्रशासनिक भूचाल देखने को मिल सकता है। सूत्रों के हवाले से खबर है कि राज्य सरकार ने आईपीएस अधिकारियों के व्यापक तबादलों की तैयारी लगभग पूरी कर ली है। कई जिलों के पुलिस अधीक्षकों (एसपी) की कुर्सी खतरे में बताई जा रही है और एक बड़ी ट्रांसफर लिस्ट किसी भी वक्त जारी हो सकती है।
जानकारी के अनुसार कानून-व्यवस्था, प्रशासनिक जरूरतों और अधिकारियों के प्रदर्शन की समीक्षा के बाद यह बड़ा फेरबदल किया जा रहा है। कई जिलों में नए एसपी की तैनाती की चर्चा तेज है, जबकि कुछ वरिष्ठ अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां मिलने के संकेत मिल रहे हैं।
मंत्रालय से लेकर पुलिस मुख्यालय तक तबादलों को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। पुलिस विभाग के भीतर भी संभावित सूची को लेकर अटकलों का दौर जारी है। बताया जा रहा है कि महीने के अंत तक सरकार इस संबंध में बड़ा फैसला ले सकती है।
हालांकि अभी तक गृह विभाग या राज्य सरकार की ओर से कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं हुआ है, लेकिन सूत्रों का दावा है कि सूची अंतिम चरण में है और जल्द ही कई जिलों की पुलिस व्यवस्था में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।


