अमन छत्तीसगढ़ न्यूज
चांपा।आईपीएल मैच में हार-जीत पर सट्टा लगाने वालों के खिलाफ चांपा पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में थाना चांपा पुलिस ने एक युवक को आईपीएल मैच पर सट्टा लगाते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन और 2000 रुपये नगद जब्त किए गए हैं। पूरे आईपीएल सीजन में चांपा क्षेत्र में यह दूसरी बड़ी कार्रवाई बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना चांपा को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि बेलदार पारा क्षेत्र में एक युवक सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच चल रहे आईपीएल मैच में हार-जीत पर रुपये लगाकर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।
पुलिस टीम जब बेलदार पारा पहुंची तो सड़क किनारे बैठा एक युवक मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए से मेल खाता मिला। पूछताछ में युवक ने अपना नाम मितेश देवांगन (24 वर्ष) निवासी बेलदार पारा थाना चांपा बताया।
पुलिस द्वारा मोबाइल की जांच करने पर उसमें सट्टा लगाने से संबंधित एप्लीकेशन मिली। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी आईपीएल मैच में हार-जीत पर रुपये का दांव लगा रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन एवं 2000 रुपये नगद जब्त किया।
मामले में थाना चांपा में अपराध क्रमांक 268/26 दर्ज कर छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7 के तहत कार्रवाई की गई। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक अशोक वैष्णव, उप निरीक्षक सत्यम चौहान, आरक्षक ईश्वरी राठौर, गौरीशंकर राय, श्याम राठौर एवं थाना चांपा स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।
जांजगीर-चांपा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध सट्टा एवं जुए के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


