
। कांग्रेस संगठन में शनिवार को बड़ा फेरबदल किया गया है। पार्टी ने कई राज्यों के प्रभारी महासचिवों की जिम्मेदारियों में बदलाव करते हुए संगठन में नई टीम को जिम्मेदारी सौंपी है। इस फेरबदल का सबसे बड़ा असर छत्तीसगढ़, पंजाब, असम और गुजरात में देखने को मिला है।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की मंजूरी के बाद संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी नियुक्ति आदेश में कई बड़े नामों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं।
पंजाब से हटे भूपेश बघेल, असम की मिली जिम्मेदारी
कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को पंजाब प्रभारी की जिम्मेदारी से हटाकर अब असम का प्रभारी महासचिव बनाया है। बघेल पिछले समय से पंजाब कांग्रेस के संगठनात्मक मामलों की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
अब उनकी जगह कांग्रेस ने राजस्थान के वरिष्ठ नेता सचिन पायलट को पंजाब का नया प्रभारी महासचिव नियुक्त किया है। पंजाब में पार्टी संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी अब पायलट के कंधों पर होगी।
छत्तीसगढ़ में सुखदेव भगत होंगे कांग्रेस के प्रभारी
छत्तीसगढ़ कांग्रेस में भी बड़ा बदलाव किया गया है। पार्टी ने सुखदेव भगत को प्रदेश का नया प्रभारी महासचिव नियुक्त किया है।
सुखदेव भगत के सामने अब छत्तीसगढ़ में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने, नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बनाने तथा केंद्रीय नेतृत्व की रणनीति को प्रदेश में लागू करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी।
भूपेश बघेल के पंजाब से हटने और सुखदेव भगत की छत्तीसगढ़ में नियुक्ति को प्रदेश कांग्रेस के लिहाज से अहम बदलाव माना जा रहा है।
गुजरात की जिम्मेदारी रणदीप सुरजेवाला को
कांग्रेस ने वरिष्ठ नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला को गुजरात का प्रभारी महासचिव नियुक्त किया है। खास बात यह है कि सुरजेवाला के पास गुजरात के साथ कर्नाटक प्रभारी महासचिव की जिम्मेदारी भी रहेगी।
इसके अलावा डॉ. सिरीवेल्ला प्रसाद को महाराष्ट्र और पीवी मोहन को आंध्र प्रदेश का प्रभारी महासचिव बनाया गया है।
कांग्रेस की नई टीम में किसे मिली कौन सी जिम्मेदारी?
कांग्रेस के नए संगठनात्मक फेरबदल में प्रमुख नियुक्तियां:
– भूपेश बघेल – असम प्रभारी महासचिव
– सचिन पायलट – पंजाब प्रभारी महासचिव
– सुखदेव भगत – छत्तीसगढ़ प्रभारी महासचिव
– रणदीप सिंह सुरजेवाला – गुजरात प्रभारी महासचिव
– डॉ. सिरीवेल्ला प्रसाद – महाराष्ट्र प्रभारी महासचिव
– पीवी मोहन – आंध्र प्रदेश प्रभारी महासचिव
वहीं मुकुल वासनिक AICC महासचिव के पद पर बने रहेंगे।
चुनावी राज्यों पर कांग्रेस का फोकस
कांग्रेस के इस बड़े फेरबदल को आगामी चुनावी तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। खासकर पंजाब और गुजरात में संगठन को नई ऊर्जा देने के लिए पार्टी ने महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं।
पंजाब की कमान सचिन पायलट को सौंपना और भूपेश बघेल को असम भेजना कांग्रेस की रणनीति में बड़े बदलाव का संकेत माना जा रहा है। वहीं छत्तीसगढ़ में सुखदेव भगत की नियुक्ति के बाद प्रदेश कांग्रेस संगठन की राजनीति में भी आने वाले दिनों में हलचल बढ़ने की संभावना है।
कांग्रेस ने निवर्तमान प्रभारी महासचिवों जितेंद्र सिंह, रमेश चेन्निथला और मणिकम टैगोर के योगदान की भी सराहना की है।
पार्टी की ओर से जारी आदेश के मुताबिक सभी नई नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।


