जांजगीर-चांपा। जिले में छत्तीसगढ़ के गृह मंत्री विजय शर्मा के आगमन से पहले ही राजनीतिक हलचल तेज हो गई। गृह मंत्री तेंदुआधाम में आयोजित राम कथा कार्यक्रम में शामिल होने वाले थे, जिसे लेकर युवा कांग्रेस ने विरोध की तैयारी की थी।



युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने सोशल मीडिया, खासकर फेसबुक पर पोस्ट कर गृह मंत्री को काला झंडा दिखाने का ऐलान किया था। इस सूचना के बाद पुलिस प्रशासन तुरंत सक्रिय हो गया और संबंधित कार्यकर्ताओं की तलाश शुरू कर दी गई।
कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने जांजगीर के कचहरी चौक के पास घेराबंदी कर विरोध की तैयारी कर रहे युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोक लिया और उन्हें पुलिस लाइन ले जाया गया।
पकड़े जाने के बाद युवा कांग्रेस अध्यक्ष पंकज शुक्ला सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने प्रशासन को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उन्होंने हाल ही में बिर्रा क्षेत्र के करही गांव में हुए गोलीकांड का मुद्दा उठाया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत और एक के घायल होने की जानकारी सामने आई थी। कार्यकर्ताओं ने मांग की कि गृह मंत्री पहले पीड़ित परिवार से मिलें और मामले में दोषियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें।
इस पूरे मामले पर एसडीओपी योगिता बाली खापर्डे ने बताया कि सोशल मीडिया पोस्ट के आधार पर पुलिस पहले से सतर्क थी। इसी के चलते कचहरी चौक पर कार्यकर्ताओं को रोका गया और बाद में उन्हें पुलिस कंट्रोल रूम लाया गया।
वहीं तहसीलदार राजकुमार मरावी ने जानकारी दी कि युवा कांग्रेस ने ज्ञापन सौंपकर करही गोलीकांड की उच्चस्तरीय जांच और एसआईटी गठित करने की मांग की है।
इस कार्रवाई में साइबर थाना प्रभारी सागर पाठक, कोतवाली थाना प्रभारी जय प्रकाश गुप्ता सहित पुलिस विभाग के कई अधिकारियों और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


