अमन छत्तीसगढ़ न्यूज़
चांपा, प्रतिनिधि। शहर एक बार फिर क्रिकेट के रंग में रंगने जा रहा है। खेल प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है कि डी.बी. वेंचर्स गोल्ड कप चांपा 2026 के तहत भव्य फ्लड लाइट ओपन टेनिस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। यह मेगा आयोजन शहर के भालेराय मैदान में होगा, जहां रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।
आयोजन समिति ने मंगलवार को आयोजित प्रेसवार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में प्रदेश सहित देशभर की कुल 48 टीमें भाग लेंगी। प्रतियोगिता की शुरुआत 12 अप्रैल 2026 से होगी, जबकि टीमों के पंजीयन की अंतिम तिथि 6 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है।
समिति के अनुसार सभी मैच फ्लड लाइट में खेले जाएंगे, जिससे दर्शकों को रात्रिकालीन क्रिकेट का अलग ही रोमांच देखने को मिलेगा। आयोजन को लेकर शहर में अभी से उत्साह का माहौल है और क्रिकेट प्रेमी इस टूर्नामेंट का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
आयोजन समिति ने अधिक से अधिक टीमों से भाग लेने और दर्शकों से बड़ी संख्या में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।


