चांपा। नगर में दो दिन पूर्व हुई लाखों रुपये की चोरी की वारदात की जांच अब वैज्ञानिक तरीके से शुरू कर दी गई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम के साथ फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई की।
मिली जानकारी के अनुसार चौपाटी क्षेत्र के निवासी अशोक स्वर्णकार के सूने मकान को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया। पीड़ित परिवार के मुताबिक चोर घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात, नगदी एवं अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार चोरी से करीब **5 से 6 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।




जिले में पहली बार एफएसएल वाहन का उपयोग
बताया जा रहा है कि छत्तीसगढ़ शासन द्वारा जिले को एफएसएल वाहन उपलब्ध कराए जाने के बाद यह पहला मामला है, जिसमें पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची। एफएसएल अधिकारियों ने मौके से फिंगरप्रिंट सहित विभिन्न तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए।
एफएसएल टीम द्वारा जुटाए गए साक्ष्यों का वैज्ञानिक विश्लेषण किया जा रहा है, जिससे चोरी की वारदात में शामिल आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिलने की उम्मीद है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि फॉरेंसिक जांच से मामले के खुलासे में महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं।
मौके पर चांपा एसडीओपी योगिता बाली खापर्डे , एफएसएल प्रभारी सृष्टि राय, थाना प्रभारी अशोक वैष्णव सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है।
रिपोर्ट: अमन छत्तीसगढ़ न्यूज


