अमन छत्तीसगढ़ न्यूज
चांपा। नगर के मध्य स्थित अनुपम प्लाजा में संचालित पद्मिनी मल्टीप्लेक्स में सोमवार सुबह करीब 10 से 10:30 बजे के बीच अचानक आग लग गई। देखते ही देखते मल्टीप्लेक्स के पिछले हिस्से से धुएं का घना गुबार उठने लगा, जो दूर-दूर तक दिखाई दिया। घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।



आग लगने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। मल्टीप्लेक्स के समीप स्थित नायक मेटरनिटी एंड सर्जिकल सेंटर में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सुरक्षा के मद्देनजर अस्पताल में भर्ती मरीजों, उनके परिजनों और स्टाफ को तत्काल बाहर निकाला गया। अस्पताल परिसर और मुख्य मार्ग पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही चांपा पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को सुरक्षित करते हुए यातायात एवं भीड़ को नियंत्रित करने में जुट गई। वहीं प्रकाश इंडस्ट्रीज की दमकल टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दमकल कर्मियों ने लगातार प्रयास कर आग पर काबू पाने की दिशा में कार्रवाई की।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने के बाद काफी देर तक पूरे क्षेत्र में धुएं का गुबार छाया रहा, जिससे लोगों में भय और चिंता का माहौल बना रहा। हालांकि समय रहते राहत एवं बचाव कार्य शुरू होने से किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। प्रशासन और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं। वहीं आग से हुए नुकसान का आंकलन भी किया जा रहा है।
प्रशासन ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की है। घटना के बाद क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन एहतियात के तौर पर निगरानी जारी है।


