रायपुर। छत्तीसगढ़ NSUI के प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय पर 29 लाख रुपये से अधिक की कथित ठगी के गंभीर आरोप लगे हैं। पुरानी बस्ती निवासी युवक राजू सोनकर ने आरोप लगाया है कि अलग-अलग काम और नौकरी दिलाने का भरोसा देकर उससे कई बार रकम ली गई, लेकिन वादे के मुताबिक काम पूरे नहीं किए गए।
पीड़ित के मुताबिक, उसे सिप्ला कंपनी की एजेंसी/डीलरशिप, DKS अस्पताल में नौकरी, कैंटीन का ठेका और रेत खदान दिलाने का भरोसा दिया गया था। इन कामों के नाम पर उससे अलग-अलग समय में रकम ली गई। राजू सोनकर का दावा है कि कुल मिलाकर उससे 29 लाख रुपये से अधिक लिए गए, लेकिन बाद में बताए गए काम नहीं हुए।
मामले को लेकर राजू सोनकर ने पुरानी बस्ती थाने में शिकायत देने के साथ ही डिप्टी CM विजय शर्मा और रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला से भी शिकायत की है। पीड़ित ने मामले की जांच कर दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
हालांकि, NSUI प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय ने इन आरोपों को गलत बताया है। उनका कहना है कि उनके खिलाफ लगाए जा रहे आरोपों में सच्चाई नहीं है।
फिलहाल मामला पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र से जुड़ा है। शिकायत के आधार पर पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


