अमन छत्तीसगढ़ न्यूज़
आरोप पूरी तरह निराधार, सबूत है तो भाजपा को दें—कार्रवाई के लिए तैयार : अंबेश जांगड़े
जांजगीर-चांपा। यूथ कांग्रेस चुनाव में चांपा नगर पालिका उपाध्यक्ष अमरजीत सिंह खटकर पर भाजपा के लोगों को मतदान कराने में सहयोग करने के लगाए गए आरोपों को लेकर भाजपा जिला अध्यक्ष अंबेश जांगड़े ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए अमरजीत सिंह खटकर को क्लीन चिट दी है। अंबेश जांगड़े ने सवाल उठाया कि जो व्यक्ति मोबाइल चलाना तक नहीं जानता, वह ओटीपी उपलब्ध कराकर यूथ कांग्रेस के चुनाव में किसी को मतदान कराने में कैसे सहयोग कर सकता है।,,
अंबेश जांगड़े ने कहा कि यूथ कांग्रेस के पास यदि आरोपों से संबंधित कोई वीडियो, ऑडियो, स्क्रीनशॉट या अन्य ठोस प्रमाण मौजूद हैं तो उसे सामने लाया जाए। प्रमाण सही पाए जाते हैं तो भाजपा मामले में कार्रवाई करने के लिए तैयार है। उन्होंने साफ कहा कि केवल आरोप लगाने से किसी को दोषी नहीं ठहराया जा सकता, आरोपों की पुष्टि के लिए ठोस साक्ष्य जरूरी हैं।,,
लेकिन अब इस पूरे मामले में भाजपा के अनुशासन और संगठनात्मक कार्रवाई को लेकर भी सवाल खड़े होने लगे हैं। भाजपा कार्यकर्ता की भूमिका को लेकर लगातार सवाल उठने के बीच जिला अध्यक्ष द्वारा जांच से पहले ही क्लीन चिट दिए जाने को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हैं। सवाल यह भी उठ रहा है कि यदि किसी भाजपा कार्यकर्ता के खिलाफ शिकायत सामने आती है तो क्या पहले संगठनात्मक जांच होगी या फिर आरोपों को निराधार बताकर मामला खत्म कर दिया जाएगा।,,
वहीं राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चा है कि भाजपा से जुड़े पुराने विवादों और आरोपों में कार्रवाई नहीं होने को लेकर उठते रहे सवालों के बीच इस मामले में भी तत्काल क्लीन चिट दिए जाने से पार्टी की कार्रवाई प्रक्रिया पर सवाल उठ सकते हैं। हालांकि आरोपों की वास्तविकता जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही स्पष्ट होगी। अब देखना होगा कि यूथ कांग्रेस की ओर से लगाए गए आरोपों के समर्थन में क्या ठोस प्रमाण सामने आते हैं और भाजपा संगठन इस मामले में आगे क्या रुख अपनाता है।,,


